रिपोर्ट एस कुमार
रांची। इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया), झारखंड स्टेट सेंटर, रांची के माइनिंग इंजीनियरिंग डिवीजन बोर्ड के तत्वावधान में सीसीएल और सीएमपीडीआई के सहयोग से 3 एवं 4 अक्टूबर 2026 को विकसित भारत 2047 के लिए खनन विषय पर दो दिवसीय ऑल इंडिया सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में कोल सेक्टर रिफॉर्म्स, जरूरी खनिजों तथा ऊर्जा क्षेत्र में मजबूती के लिए नवाचार सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
सेमिनार के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में इंजीनियर सुनील कुमार बरनवाल, आईएएस, सीईओ, एनएचए शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप में इंजीनियर निलेन्दु कुमार सिंह, सीएमडी, सीसीएल उपस्थित रहे। वहीं मुख्य भाषण इंजीनियर गोपाल सिंह, पूर्व सीएमडी, सीआईएल, सीसीएल एवं बीसीसीएल ने दिया। गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में इंजीनियर ए. घटक, डायरेक्टर (टेक्निकल), सीआईएल तथा विशेष अतिथि के रूप में इंजीनियर अविजीत घोष, पूर्व सीएमडी, एचईसी लिमिटेड ने शिरकत की।
सेमिनार में बीआईटी सिंदरी के शोधार्थी इंजीनियर जितेन्द्र कुमार दास ने विकसित भारत 2047 के लिए खनन के योगदान विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत 2047 के सपने को साकार करने में खनन क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है और खनन के बिना इस लक्ष्य को हासिल करना संभव नहीं है। इंजीनियर जितेन्द्र कुमार दास ने कोल रिफॉर्म्स, क्रिटिकल मिनरल्स तथा इनोवेशन फॉर एनर्जी रेजिलिएंस जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रोजेक्टर पर विचार प्रस्तुत किए। उनके विचारों की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
इस अवसर पर शोधार्थी इंजीनियर जितेन्द्र कुमार दास को उनके सराहनीय विचारों एवं प्रस्तुति के लिए पीएचडी, आईआईटी धनबाद डॉ. सिद्धार्थ कुमार द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में डॉ. विशाल एच. शाह, ऑनरेरी सेक्रेटरी, डॉ. हेमंत अग्रवाल, कन्वीनर तथा इंजीनियर संदीप के. भगत, चेयरमैन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
