रिपोर्ट आरिफ कुरैशी/एस कुमार
रामगढ़। आगामी दुर्गा पूजा 2026 को सफल बनाने को लेकर सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 3 बजे रामगढ़ नगर परिषद कार्यालय के सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में रामगढ़ नगर परिषद अध्यक्ष कुसुम लता देवी, उपाध्यक्ष रणधीर गुप्ता एवं कार्यपालक पदाधिकारी अजमल हुसैन की मौजूदगी में श्री श्री दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों एवं रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र के सभी वार्ड पार्षदों ने हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान मांडू विधायक प्रतिनिधि छोटू पटेल ने अरगड्डा-सिरका क्षेत्र में दुर्गा पूजा से संबंधित विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से रखा। उन्होंने दुर्गा पूजा पंडाल एवं मेला परिसर में प्रतिदिन सफाई की व्यवस्था करने तथा कूड़ेदान उपलब्ध कराने की मांग की।
इसके अलावा अरगड्डा बैगा मोड़ से लेकर दुर्गा मंडप परिसर तक सड़क के दोनों ओर झाड़ियों की सफाई, पीने के लिए साफ पानी की व्यवस्था तथा सड़क के दोनों ओर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सहित कई समस्याओं से नगर परिषद के अधिकारियों को अवगत कराया गया। उन्होंने सभी समस्याओं का समय रहते समाधान करने की मांग की, ताकि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
