रिपोर्ट एस कुमार
सिरका। नगर परिषद रामगढ़ वार्ड 13 अंतर्गत अरगड्डा अंबेडकर नगर झोपड़ी बस्ती निवासी पाहन बेचन उरांव एवं माता मंजु देवी की पुत्री निशा कुज्जुर उरांव ने विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग से वकालत में एल.एल.बी. 2023-26 सत्र में 10 प्रतिशत में से 7.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण किया है। साथ ही उन्होंने ऑल इंडिया बार एसोसिएशन-2026 भी पास किया है। निशा की इस उपलब्धि से पूरे अरगड्डा क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है।
इस खास अवसर पर वार्ड 13 के पार्षद रंजीत पासवान एवं केंद्रीय आदिवासी सरना प्रार्थना सभा जय सरना ट्रस्ट के सदस्यों ने निशा कुज्जुर उरांव को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में केंद्रीय अध्यक्ष धरम गुरु कृष्णा उरांव एवं आदिवासी अगुवा सह समाजसेवी दीपक उरांव मुख्य रूप से उपस्थित रहे। मौके पर केंद्रीय सचिव एडवोकेट किरण मुंडा, राजु करमाली, बुधवा उरांव, सुनिता उरांव, बादल सिंह मुंडा, नरेश मुंडा, वनिश उरांव, दिनेश नायक आदि उपस्थित थे।
खुशी के इस मौके पर किसी ने बुके देकर तो किसी ने डायरी, कलम एवं मिठाई देकर निशा को सम्मानित किया। निशा कुज्जुर उरांव ने कहा कि अब आगे व्यवहार न्यायालय रांची में प्रैक्टिस करने के साथ-साथ एल.एल.एम. की पढ़ाई करना है। निशा की इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। इसे परिवार, क्षेत्र एवं आदिवासी समाज के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
