रिपोर्ट आरिफ कुरैशी
रामगढ़। गांधी जयंती के पावन अवसर पर जवाहर बाल मंच, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में रामगढ़ जिले में लगभग 200 बच्चों द्वारा गांधी जी के मुखौटे पहनकर भव्य पीस वॉक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत रामगढ़ के गांधी चौक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई।
इसके बाद बच्चों ने शांतिपूर्ण रोड मार्च करते हुए लोगों को गांधी जी के सत्य, अहिंसा, प्रेम और भाईचारे के संदेश से अवगत कराया। पीस वॉक का समापन मुक्ति धाम स्थित गांधी जी के समाधि स्थल पर हुआ। इस गांधी यात्रा का नेतृत्व जवाहर बाल मंच झारखंड प्रदेश के अध्यक्ष तारिक अनवर ने किया। पीस वॉक में शामिल बच्चों ने हाथों में विभिन्न संदेशों वाली तख्तियां लेकर आम लोगों के बीच गांधी जी के विचारों को पहुंचाया।
बच्चों द्वारा “सत्य ही अहिंसा है”, “सभी धर्म समान हैं”, “स्वच्छ भारत–सुंदर भारत”, “बुराई का प्रतिरोध करो, पर प्रेम से” तथा “अहिंसा ही सबसे बड़ी शक्ति है” जैसे संदेशों के माध्यम से समाज में शांति, सद्भाव और स्वच्छता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर जवाहर बाल मंच की बच्चों की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य लवली कुमारी, हर्ष राज सहित बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जवाहर बाल मंच रामगढ़ जिला अध्यक्ष कार्तिक राम एवं उनकी जिला टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जवाहर बाल मंच के स्टेट कोऑर्डिनेटर एवं प्रदेश सचिव राजकुमार यादव, रामगढ़ विधायक ममता देवी, नगर परिषद अध्यक्ष कुसुमलता कुमारी मुंडा ,सलीम खान, गौरव चौधरी, टिंकू खान, राजन करमाली, समीर हुसैन, साजिद खान, संजय साव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जवाहर बाल मंच झारखंड प्रदेश अध्यक्ष तारिक अनवर ने कहा कि आज के समय में गांधी जी के विचार और उनके सिद्धांत पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हैं। समाज में बढ़ती दूरियों को कम करने के लिए हमें सत्य, अहिंसा, प्रेम और भाईचारे के रास्ते पर चलना होगा। गांधी जी का संदेश केवल इतिहास का हिस्सा नहीं है, बल्कि वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के लिए भी मार्गदर्शन है।
उन्होंने कहा कि बच्चों के माध्यम से गांधी जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में प्रेम, शांति एवं भाईचारे की भावना मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। जवाहर बाल मंच का उद्देश्य बच्चों को लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारी, अहिंसा और सद्भाव के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि गांधी जी की जयंती पर आयोजित यह पीस वॉक केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों द्वारा समाज को दिया गया यह संदेश है कि सत्य और अहिंसा के रास्ते पर चलकर ही एक शांतिपूर्ण, स्वच्छ और बेहतर समाज का निर्माण किया जा सकता है।
