रजरप्पा। सीसीएल रजरप्पा में शनिवार को स्वच्छता ही सेवा 2026 का समापन सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में अभियान के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाप्रबंधक (उत्खनन) शंभु कुमार सिन्हा थे। कार्यक्रम का संचालन नोडल अधिकारी (सीएसआर) आशीष झा ने किया। समारोह में डीएवी पब्लिक स्कूल, रजरप्पा प्रोजेक्ट,
सरस्वती विद्या मंदिर, रजरप्पा प्रोजेक्ट पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय, रजरप्पा प्रोजेक्ट, आर.बी. हाई स्कूल, सांडिया एवं एपेक्स पब्लिक स्कूल, मरंगमरचा के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि शंभु कुमार सिन्हा ने अभियान के सफल आयोजन के लिए सीएसआर अधिकारी आशीष झा एवं रजरप्पा क्षेत्र की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़कर ही इसे स्थायी रूप से जन-अभियान बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर आशीष झा ने अभियान के दौरान आयोजित गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में जागरूकता रथ, चित्रकला प्रतियोगिता, वॉल पेंटिंग, सफाईमित्र सुरक्षा शिविर, सफाईमित्र सम्मान शिविर, ग्राम सभा, स्वच्छता अभियान, वस्त्र दान अभियान, कबाड़ से कंचन, वृक्षारोपण, वॉलीबॉल मैच एवं स्वच्छता व हाईजीन किट वितरण, कपड़ा बैग वितरण सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।
उन्होंने स्वच्छता ही सेवा अभियान में सहयोग एवं भागीदारी के लिए मुखियाओं, शैक्षणिक संस्थानों, नागरिक समाज संगठनों एवं आम लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से अभियान को व्यापक जनभागीदारी मिली।समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भी अभियान के दौरान आयोजित गतिविधियों में अपनी भागीदारी के अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में उत्तम ओझा, धनेश्वर राम, बिकास कुमार राय, रितिक कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।
